गंगा कटान व सिंचाई व्यवस्था पर जिलाधिकारी की सख्ती, कार्य में लापरवाही पर FIR और ब्लैकलिस्टिंग की चेतावनी

154

गंगा कटान व सिंचाई व्यवस्था पर जिलाधिकारी की सख्ती, कार्य में लापरवाही पर FIR और ब्लैकलिस्टिंग की चेतावनी

चंदौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सोमवार को जिले के गुरैनी पंप कैनाल और कुंडा कला क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर सिंचाई प्रबंधन व गंगा के कटान रोकने के कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नहरों की स्थिति, जल प्रवाह, सिल्ट जमा होने की स्थिति सहित कटान रोकने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण में जिलाधिकारी ने पाया कि कई स्थानों पर नहरों में सिल्ट की अत्यधिक मात्रा जमा है, जिससे जल प्रवाह बाधित हो रहा है। इस पर उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि मानसून से पहले सिल्ट की सफाई हर हाल में पूर्ण कर ली जाए, जिससे किसानों को समय पर और पर्याप्त सिंचाई जल मिल सके।

कटान रोकने के कार्यों में तेजी का निर्देश

गुरैनी पंप कैनाल के समीप हो रहे कटान रोकने के कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यह कार्य 15 जून 2025 तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए, अन्यथा कार्यदायी संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। कुंडा कला में निरीक्षण के दौरान कांट्रेक्टर की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह कल तक उपस्थित नहीं होता है, तो सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेजा जाए।

उन्होंने अधिशासी अभियंता मूसाखंड व कांट्रेक्टर को पूरी रिपोर्ट के साथ अगले दिन कैंप कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश भी दिया। साथ ही कहा कि कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि और अधिकारी प्रतिदिन शाम को कार्य प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान

निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने मुगलसराय नगर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायज़ा लिया। उन्होंने अधिशासी अभियंता अविनाश कुमार को निर्देश दिए कि नगर की सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद करें और एक सुनियोजित योजना के तहत नगर के सौंदर्यीकरण की दिशा में कार्य सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता बंधी प्रखंड महेन्द्र कुमार, लघु डाल के अंजनी कुमार स्वर्णकार, विद्युत विभाग के विपिन कुमार, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि और स्थानीय किसान उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी की सक्रियता और सख्ती से यह स्पष्ट है कि शासन की योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता प्राथमिकता में है।