बृजनंदनी कॉन्वेंट स्कूल में ‘अरात्रिका’ वार्षिक समारोह धूमधाम से संपन्न, 400 से अधिक विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

274

बृजनंदनी कॉन्वेंट स्कूल में ‘अरात्रिका’ वार्षिक समारोह धूमधाम से संपन्न, 400 से अधिक विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

चंदौली : चहनियां स्थित बृजनंदनी कॉन्वेंट स्कूल में वार्षिक समारोह ‘अरात्रिका’ का आयोजन बड़े ही भव्य और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्कूल के छात्रों, अभिभावकों और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। समारोह का शुभारंभ बीएचयू के वरिष्ठ प्रोफेसर प्रवेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। उनके साथ अन्य विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और संस्था की उपलब्धियों की सराहना की।

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम की शुरुआत छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘गणेशा श्री गणेशा’ नृत्य से हुई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद एक के बाद एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ मंच पर सजती चली गईं। कक्षा 8 के छात्रों ने भारत की विविध संस्कृतियों को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत कर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को जीवंत कर दिया। नृत्य, संगीत और नाट्य की मिश्रित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भरपूर आनंद दिया।

400 से अधिक विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

विद्यालय के 400 से अधिक छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। ‘टीचर ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार शिक्षिका रीना सिंह को दिया गया, जिनकी शिक्षण पद्धति और समर्पण को सभी ने सराहा। वहीं कक्षा 6 की छात्रा कुसुम यादव को ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ के सम्मान से नवाजा गया, जिन्होंने शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्टता के साथ अन्य गतिविधियों में भी उल्लेखनीय योगदान दिया।

छात्रों ने दिखाई तकनीकी प्रतिभा

समारोह के विशेष आकर्षण में से एक रही रोबोटिक्स प्रदर्शनी, जिसमें छात्रों ने विभिन्न प्रकार के रोबोटिक मॉडल्स और तकनीकी नवाचारों को प्रदर्शित कर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का परिचय दिया।

प्रो. श्रीवास्तव का प्रेरणादायक उद्बोधन

अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्रो. प्रवेश कुमार श्रीवास्तव ने छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने के लिए रणनीतियाँ साझा कीं और उन्हें लक्ष्य निर्धारण व निरंतर अभ्यास का महत्व समझाया। डॉ. विकास सिंह ने अपने भाषण में इतिहास की महत्ता पर प्रकाश डाला और बच्चों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने की सलाह दी।

चेयरमैन ने मेहनत और लगन का दिया संदेश

विद्यालय के चेयरमैन बिरजू अग्रहरि ने मेहनत, लगन और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताते हुए शिक्षकों के समर्पण की सराहना की। वही निदेशक डॉ. अखिलेश अग्रहरि ने छात्रों को आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

प्रधानाचार्या ने व्यक्त किया आभार

अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपानिता चक्रवर्ती ने सभी आगंतुकों, अभिभावकों, शिक्षकों और छात्रों का धन्यवाद ज्ञापित किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं।

अभिभावकों एवं विशिष्ट जनों की रही उल्लेखनीय उपस्थिति

कार्यक्रम के दौरान गोकर्ण प्रधान, नंदनी देवी, अमृतांजलि, भानु प्रताप यादव, विजय मिश्रा, योगेंद्र मिश्रा, आनंद सिंह, धर्मेंद्र यादव, अनिल श्रीवास्तव, सतेंद्र यादव, अभिषेक यादव, जुगनू , अमित अग्रहरि, सलमा बेगम, सुजीत पाठक, रीना सिंह, संतोष सिंह, कुंदन सिंह, धनंजय यादव, मीरा पाल, संजीव मिश्रा, सिमरन, आजाद सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, गणमान्य नागरिक एवं स्कूल से जुड़े विशिष्ट जन उपस्थित रहे। मंच संचालन की जिम्मेदारी वाचस्पति पाण्डेय, प्रगति यादव, अपेक्षा यादव, सौरभ यादव, अनन्या सिंह और श्रेष्ठ पाल ने बखूबी निभाई।

‘अरात्रिका’ बना विद्यार्थियों के उत्साह एवं प्रतिभा का मंच

‘अरात्रिका’ का यह समारोह न सिर्फ विद्यार्थियों की प्रतिभा का मंच बना, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी सिद्ध हुआ।