घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने स्टेशन मास्टर को मारी गोली, ट्रामा सेंटर चल रहा ईलाज, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
चंदौली : मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक नगर क्षेत्र के समीप बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने स्टेशन मास्टर को गोली मार दी. जिससे वह जमीन पर गिर पड़े. वही घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर से बाहर निकले. तभी वहां लहूलुहान होकर गिर पड़े व्यक्ति को देखा. जिसके बाद पुलिस को सूचना दिया. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को ट्रामा सेंटर भेजवाया. वही घटना की जानकारी होने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, सीओ आशुतोष तिवारी, इंस्पेक्टर विजय बहादुर सिंह मौके पर पहुंच गए, और घटना के बाबत जानकारी लिया.

जानकारी के अनुसार गाजीपुर जनपद के मूल निवासी वीरेन्द्र कुमार वर्मा (58 वर्ष) जीवनाथपुर में स्टेशन मास्टर के पद पर तैनात है. बुधवार की रात्रि ड्यूटी कर अपने आवास जा रहे थे. औद्योगिक नगर क्षेत्र के हमीदपुर के समीप जैसे ही पहुंचे ही थे कि घात लगाए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी. गोली लगते ही स्टेशन मास्टर जमीन पर लहूलुहान होकर गिर पड़े और छटपटाने लगे. वही गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े. इससे पहले ही बाइक सवार मौके से फरार हो गए. वही सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस घायल को ट्रामा सेंटर भेजवाया और जांच पड़ताल में जुट गई. बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व स्टेशन मास्टर वीरेंद्र वर्मा का अवैध वेंडरों से विवाद हो गया था. जिसमें वेंडरों ने स्टेशन मास्टर को देख लेने की धमकी दी थी. बहरहाल पुलिस हर एक एंगल पर जांच कर रही है. माना जा रहा है कि पुलिस सीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर देगी.
इस बाबत मुगलसराय थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि तीन अज्ञात बदमाशों ने रात में स्टेशन मास्टर वीरेंद्र कुमार वर्मा को गोली मार दिया था. घायल वीरेंद्र वर्मा का ईलाज बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में चल रहा है. जहां वह खतरे से बाहर है. पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद जिसमें राजेश वेंडर सहित तीन अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच की जा रही है.


















