पुलिस ने बैंकों में चलाया चेकिंग अभियान, बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों व अलार्म की परखी जा रही व्यवस्था
चंदौली : पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जिले के सभी थानों व चौकियों की पुलिस ने गुरुवार को बैंक, पोस्ट ऑफिस, ग्राहक सेवा केंद्र, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, सर्राफा बाजार व उसके आस-पास में संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु व वाहनों की सघन चेकिंग के लिए अभियान चलाया. इस दौरान संदिग्धों की जांच की गई. साथ ही लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया. वही बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों व अलार्म की व्यवस्था को भी परखा गया. चेकिंग अभियान के दौरान सभी थाने व चौकी के प्रभारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पड़ने वाले बैंको के आसपास तथा बैंक के अंदर अभियान चलाकर चेकिंग की. संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों को चेक किया गया. बैंक में मौजूद लोगों को सुरक्षा के दृष्टिगत जागरूक किया गया. बैंक ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को सतर्क रहते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए. वही अनावश्यक रूप से बैठे व्यक्तियों को बैंक से बाहर किया गया.



















