शहाबगंज में गौतस्करी का खुलासा, दो गोवंशों के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, पिकअप में लादकर गोवंशों को बिहार ले जाकर बेचने का आरोप, पुलिस ने वाहन भी किया बरामद

39

शहाबगंज में गौतस्करी का खुलासा, दो गोवंशों के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, पिकअप में लादकर गोवंशों को बिहार ले जाकर बेचने का आरोप, पुलिस ने वाहन भी किया बरामद

चंदौली : जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान कथित गौतस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से पिकअप वाहन में लदे दो गोवंश बरामद किए हैं। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप को भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को शहाबगंज पुलिस टीम सेमरा चौराहे से करीब 150 मीटर उत्तर अमरसीपुर ईदगाह जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पिकअप संख्या UP67AT3897 में लादकर ले जाए जा रहे दो गोवंश बरामद हुए। मौके से पुलिस ने जयप्रकाश उर्फ बबलू (42 वर्ष), निवासी बुढ़मांव, थाना शहाबगंज, चंदौली को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह कम कीमत पर गाय और बछड़ों को खरीदकर अपने पास रखता था। इसके बाद उन्हें पिकअप में लादकर सेमरा और इलिया के रास्ते बिहार ले जाता था, जहां अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था।

पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर शहाबगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 127/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8 में मामला दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव और होमगार्ड कमलेश कुमार शामिल रहे।