अलीनगर में इनोवा से 600.5 किलो संदिग्ध गोमांस बरामद, एक गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

80

अलीनगर में इनोवा से 600.5 किलो संदिग्ध गोमांस बरामद, एक गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक इनोवा वाहन से 600.5 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस और दो चापड़ बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहे। पशु चिकित्साधिकारी ने मौके पर बरामद मांस को प्रथम दृष्टया गोमांस बताया है। पुलिस ने नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को अलीनगर पुलिस टीम सिंधीताली पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यूपी 65 बीटी 5561 नंबर की इनोवा को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन इनोवा डिवाइडर से टकराकर रुक गई। इसके बाद चालक और पीछे बैठा एक व्यक्ति मौके से भाग निकला, जबकि चालक के बगल में बैठे व्यक्ति को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के कैमूर-भभुआ जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र स्थित बेलौड़ी पंचायत निवासी 45 वर्षीय फैयाज कुरैशी पुत्र मोहम्मद इस्लाम कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 600.5 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस और दो चापड़ बरामद हुए। मौके पर बुलाए गए पशु चिकित्साधिकारी ने मांस को प्रथम दृष्टया गोमांस बताया।

बिहार से वाराणसी तक आपूर्ति का दावा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वे बिहार में गोवंश काटकर मांस तैयार करते हैं और उसे वाहन से वाराणसी लाकर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेचते हैं। पुलिस इस मामले में फरार आरोपियों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 640/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अमित सेन सिंह, अनिल कुमार यादव सहित अलीनगर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।