4,598 मेधावियों के खातों में पहुंची 1.14 करोड़ की छात्रवृत्ति, सजीव प्रसारण के बीच वितरित किए गए छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र, विधायक सुशील सिंह ने छात्रों को सौंपे प्रमाण पत्र
चंदौली : वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिले के पूर्वदशम (कक्षा 9-10) और दशमोत्तर (कक्षा 11-12) के पात्र छात्र-छात्राओं को शनिवार को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। लोकभवन सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के सभागार में किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र प्रदान किए जाने का कार्यक्रम विद्यार्थियों ने देखा।
जिले में कुल 4,598 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 113.97 लाख रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे भेजी गई। इनमें अन्य पिछड़ा वर्ग के 2,631 विद्यार्थियों को 73.89 लाख रुपये, अनुसूचित जाति के 1,155 विद्यार्थियों को 15.17 लाख रुपये, अल्पसंख्यक वर्ग के 492 विद्यार्थियों को 15.31 लाख रुपये तथा सामान्य वर्ग के 320 विद्यार्थियों को 9.60 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग देने के साथ ही उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती है।
इसके अलावा जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया और पात्र विद्यार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुगलसराय विधायक के प्रतिनिधि बृजेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, कॉलेज के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, विभागीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


















