नमो घाट पर एयर शो की तैयारियों का जायजा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश

41

नमो घाट पर एयर शो की तैयारियों का जायजा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश

वाराणसी/चंदौली : नमो घाट पर आगामी 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने नमो घाट पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और दर्शकों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखने तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विशेष रूट डायवर्जन प्लान होगा लागू

एयर शो के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया जाएगा। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समय रहते सभी तैयारियां पूरी कर लें, ताकि आयोजन के दौरान आम लोगों, श्रद्धालुओं और दर्शकों को आवागमन में परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण, डीसीपी वाराणसी गौरव बंसवाल, जिलाधिकारी वाराणसी सतेंद्र कुमार, जिलाधिकारी चंदौली चंद्रमोहन गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।