गियर बॉक्स के नीचे बने गुप्त बॉक्स में छिपा था 3.92 करोड़ का सोना, दो गिरफ्तार
चंदौली : चंदौली पुलिस और स्वाट/SOG टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए KIA Carens कार से करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये कीमत का 2.565 किलो सोना बरामद किया। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए सोने की दो सिल्लियों को कार के गियर बॉक्स के नीचे बनाए गए विशेष गुप्त बॉक्स में छिपा रखा था। पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद सोना प्रारंभिक जांच में विदेश में निर्मित बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की KIA Carens कार संख्या HR22W2830 से दो व्यक्ति बिहार की ओर से सोना लेकर दिल्ली जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना चंदौली पुलिस और स्वाट/SOG टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध कार वहां पहुंची। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने कार को भगाने की कोशिश की, लेकिन पहले से सतर्क टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
कार की तलाशी और पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम जुबेर मुबारक शेख निवासी शांगली, महाराष्ट्र तथा उसके साथ बैठे व्यक्ति ने मनीष कुमार निवासी फतेहाबाद, हरियाणा बताया। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने कार के गियर बॉक्स के नीचे बने विशेष बॉक्स में सोना छिपाकर दिल्ली ले जाने की बात स्वीकार की।
आरोपियों की निशानदेही पर गियर बॉक्स के नीचे बने गुप्त बॉक्स को खोला गया। इसके अंदर कपड़े के बेल्ट में सेलो टेप से लिपटी सोने की दो सिल्लियां बरामद हुईं। जांच और वजन करने पर पीली धातु का कुल वजन 2 किलो 565.720 ग्राम पाया गया। वैल्यूअर द्वारा इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये आंकी गई।
कार्रवाई की सूचना पर आयकर विभाग और राजस्व आसूचना विभाग (डीआरआई) के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में आयकर विभाग की ओर से बरामद सोने को विदेश में निर्मित बताया गया। पुलिस ने मौके से पांच मोबाइल फोन और KIA Carens कार भी बरामद की। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद बरामद सोना नियमानुसार डीआरआई को सौंप दिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
स्वाट/SOG प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई स्वाट/SOG प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव के नेतृत्व में की गई। थाना चंदौली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्या, कांस्टेबल अभिषेक तिवारी और अरुण मिश्रा शामिल रहे। वहीं स्वाट/SOG टीम में राणा प्रताप सिंह, अरविंद भारद्वाज, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह, सतीश सिंह, अमित सिंह और महेश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


















