बारिश से फसल बर्बादी समेत सात सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेसियों ने सौंपा ज्ञापन, मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी

14

बारिश से फसल बर्बादी समेत सात सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेसियों ने सौंपा ज्ञापन, मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी

चंदौली : जनपद में व्यापक बारिश के चलते किसानों की फसल बर्बाद होने सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिलाधिकारी को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों और आमजन की समस्याओं को तत्काल दूर किए जाने की मांग उठाई।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि विगत दिनों हुई भारी बारिश के कारण जिले में बड़े पैमाने पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हुई है। इससे किसानों की करीब 70 से 80 प्रतिशत तक फसल बर्बाद होने का दावा करते हुए पूरे जनपद को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने और किसानों को उनकी बर्बाद फसल का शत-प्रतिशत मुआवजा दिए जाने की मांग की गई।

कांग्रेस ने बारिश से हुए नुकसान का ग्रामसभा स्तर पर प्रशासनिक सर्वे कराकर लोगों के जान-माल की क्षतिपूर्ति कराने की भी मांग रखी। इसके अलावा सकलडीहा कस्बे सहित पूरे जिले में नालों पर हुए अतिक्रमण को हटाकर उनकी साफ-सफाई और खुदाई कराने की मांग की गई, ताकि जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

ज्ञापन में सकलडीहा इंटर कॉलेज के खेल मैदान की जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग भी उठाई गई। कांग्रेस नेताओं के अनुसार खेल मैदान वर्ष के अधिकांश समय घुटने भर पानी में डूबा रहता है, जिससे विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को परेशानी होती है।

इसके साथ ही विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए नेगुरा मसौनी और असुरी गांव के किसानों को मिलने वाले सर्किल रेट में अंतर का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस ने दोनों क्षेत्रों में सर्किल रेट में समानता सुनिश्चित करने की मांग की।

वहीं सैयदराजा थाना क्षेत्र के प्रीतमपुर में हैंडपंप मरम्मत के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मोहम्मदपुर निवासी पिंटू बिंद की मौत और तीन लोगों के घायल होने का मामला भी ज्ञापन में उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा घायलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ज्ञापन में शामिल समस्याएं जनपद के किसानों और आमजन के दर्द को दर्शाती हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की। मांग पूरा न होने पर कांग्रेसियों ने आंदोलन की चेतावनी दी।

इस दौरान मधु राय, रजनीकांत पाण्डेय, रामानंद यादव, तौफीक खान, संतोष चौबे, दयाराम पटेल, राममूरत गुप्ता, गंगा प्रसाद, मुनीर खान, असगर अली, श्रीकांत पाठक, राकेश सिंह, संजय मिश्रा, रामअवतार, यादव, इंद्रजीत मिश्रा, शमशेर खान सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे।