कस्तूरबा विद्यालयों में कम उपस्थिति पर डीसी को शो-कॉज, लापरवाह शिक्षकों पर होगी कड़ी कार्रवाई

24

कस्तूरबा विद्यालयों में कम उपस्थिति पर डीसी को शो-कॉज, लापरवाह शिक्षकों पर होगी कड़ी कार्रवाई

चंदौली : कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं, परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं, छात्र सुरक्षा और ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने टेंडर प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं की कम उपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित जिला कोऑर्डिनेटर (डीसी) को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, प्रभावी निगरानी और अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित कराने को कहा।

डीएम ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारने, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में शेष मूलभूत अवस्थापना कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के साथ निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों और सीएम मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों के कार्यों में तेजी लाने को कहा।

जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य में लापरवाही बरतने और अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। लगातार सुधार नहीं होने पर ऐसे शिक्षकों के विरुद्ध सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकताओं का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, शिक्षा विभाग के अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य मौजूद रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिले में संचालित शिक्षा संबंधी योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।