स्कूलों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें युद्धस्तर पर हटेंगी, लापरवाही पर डीएम सख्त

9

स्कूलों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें युद्धस्तर पर हटेंगी, लापरवाही पर डीएम सख्त

चंदौली : जिले के परिषदीय, राजकीय उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन (एलटी) विद्युत लाइनों को हटाने के कार्य में लापरवाही पर जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर युद्धस्तर पर तार हटाने और विद्यालयों को सुरक्षित करने के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार एवं जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद में करीब 92 विद्यालय ऐसे हैं, जिनके ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइनें गुजर रही हैं। स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से इन लाइनों को हटाया जाना बेहद जरूरी है।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद विद्युत विभाग की ओर से अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। इस पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा यह कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता का है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कार्य पूरा करने की लिखित समय-सीमा लेने तथा संबंधित अधिकारियों को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं को कार्य की नियमित निगरानी करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी अधिशासी अभियंता द्वारा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाए और उच्चाधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों को विद्युत लाइनों के संभावित खतरे से पूरी तरह मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विशेष अभियान के तहत सभी चिन्हित विद्यालयों में यह कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। बैठक में सभी खंड शिक्षा अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।