बाढ़ की आहट पर चंदौली प्रशासन अलर्ट, तटीय गांवों में पहुंचे डीएम, कटान रोकने और राहत इंतजाम दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्देश

124

बाढ़ की आहट पर चंदौली प्रशासन अलर्ट, तटीय गांवों में पहुंचे डीएम, कटान रोकने और राहत इंतजाम दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्देश

चंदौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को नियामताबाद विकासखंड के संभावित बाढ़ प्रभावित तटीय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया। उन्होंने कुण्डा खुर्द, सुल्तानीपुर, सहजौर और कैली समेत प्रभावित इलाकों में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने नदियों के कटान की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, बंधी से दूरभाष पर वार्ता कर कटान रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर को विशेष जांच समिति गठित कर कटान प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय सर्वेक्षण कराने तथा रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। प्रभावित लोगों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पशुधन की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ उनके लिए चारा और पानी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत कुण्डा खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय, सामुदायिक शौचालय और जन आरोग्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय में पठन-पाठन और साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली। वहीं सामुदायिक शौचालय में गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी नियामताबाद और केयरटेकर को कड़ी फटकार लगाते हुए शौचालय को तत्काल व्यवस्थित कर चालू कराने के निर्देश दिए।

जन आरोग्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इलाज करा रही महिलाओं से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने चिकित्सकों की कार्यप्रणाली और उपचार व्यवस्था पर संतोष जताया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, खंड विकास अधिकारी नियामताबाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।