मुगलसराय पुलिस का बड़ा खुलासा, निर्माणाधीन साइट से चोरी 477 लोहे की रिंग व 7 छड़ बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

29

मुगलसराय पुलिस का बड़ा खुलासा, निर्माणाधीन साइट से चोरी 477 लोहे की रिंग व 7 छड़ बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

चंदौली : मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने निर्माणाधीन साइट से लगातार हो रही लोहे के सामान की चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई 477 छोटी-बड़ी लोहे की रिंग और 7 लोहे की छड़ बरामद की हैं। बरामद सामान की कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, गणपति इन्फ्राटेक की कटेसर स्थित निर्माणाधीन साइट से पिछले करीब एक माह से लोहे की रिंग, सरिया और अन्य लोहे के सामान चोरी हो रहे थे। इस संबंध में भटपुरवा निवासी आद्या प्रसाद पाण्डेय की तहरीर पर मुगलसराय थाने में मुकदमा संख्या 423/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार चेकिंग और संदिग्धों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान 20 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर कटेसर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पीछे झाड़ियों में एक युवक को चोरी के लोहे के सामान के साथ पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी का माल कबाड़ी को बेचने की फिराक में था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान खुर्शीद आलम (22) पुत्र स्व. सहाबुद्दीन, निवासी वर्तमान पता ग्राम गोपालापुर (हमीदपुर), थाना मुगलसराय, चंदौली तथा स्थायी पता तपोवन दक्षिणी सुल्तानपुर, थाना रामनगर, वाराणसी के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रात के समय निर्माणाधीन परियोजना से कई बार लोहे की रिंग और छड़ चोरी कर चुका था। चोरी किए गए सामान को पेट्रोल पंप के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा था और उसे कबाड़ी के हाथ बेचने की तैयारी में था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक रविन्द्र नाथ यादव, हेड कांस्टेबल रितेश सिंह और रिक्रूट आरक्षी अभिषेक मौर्या शामिल रहे।