श्रावण के चौथे सोमवार पर बदलेगा यातायात का रूट, चंदौली पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान
चंदौली : श्रावण मास के चौथे सोमवार को श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए चंदौली पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह डायवर्जन 22 अगस्त की रात आठ बजे से 25 अगस्त की सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों, मालवाहक वाहनों और अन्य वाहनों के आवागमन में बदलाव किया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार आलमपुर अंडरपास से वाराणसी की ओर जाने वाले चंदौली की तरफ से आने वाले भारी एवं मालवाहक वाहनों को डायवर्ट कर एनएच-19 के रास्ते अखरी बाईपास से वाराणसी भेजा जाएगा। वहीं गोधना चौराहा से बिहार, चंदौली और बबुरी की ओर से वाराणसी जाने वाले सभी वाहनों को एनएच-19 होते हुए अखरी बाईपास की ओर भेजा जाएगा।
चकिया तिराहा से अलीनगर और चंदौली की ओर से आने वाले वाराणसी जाने वाले वाहनों को गोधना चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन एनएच-19 होते हुए अखरी बाईपास से वाराणसी पहुंचेंगे। पड़ाव से वाराणसी की ओर जाने वाले भारी एवं मालवाहक वाहनों को रामनगर की तरफ मोड़कर एनएच-19 के रास्ते अखरी बाईपास भेजा जाएगा।
बाहरी जनपदों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी व्यवस्था की गई है। चंदौली से जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ जाने वाले कार, मालवाहक और छोटे वाहनों को पंचफेड़वा रिंग रोड से डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अलावा कटरिया तिराहे से रामनगर-पड़ाव मार्ग पर ट्रक एवं मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रामनगर की ओर से पड़ाव आने वाले और मुगलसराय जाने वाले वाहनों को शाहूपुरी तिराहे से एफसीआई तिराहा की ओर भेजा जाएगा। हाईवे से लंका मैदान तिराहा होते हुए पड़ाव आने वाले ट्रक एवं मालवाहक वाहनों को लंका मैदान पर ही रोक दिया जाएगा।
पीएससी तिराहा से कटरिया और रामनगर की ओर से आने वाले उन वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा, जिन्हें पड़ाव होते हुए वाराणसी अथवा पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर जाना है। वहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की ओर से पड़ाव होते हुए रामनगर और वाराणसी जाने वाले वाहनों को एफसीआई गोदाम तिराहे से साहूपुरी रोड की ओर भेजा जाएगा। कोयला मंडी पड़ाव से ट्रकों का पड़ाव की ओर आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा।
नवही नहर पर निर्माणाधीन पुलिया के चलते अलग रूट
श्रावण मास के मद्देनजर नवही नहर पर निर्माणाधीन पुलिया को देखते हुए श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। धरौली और चकिया की तरफ से दोपहिया व हल्के वाहनों से आने वाले श्रद्धालु नवही चौराहा से करीब 200 मीटर उत्तर स्थित छोटी पुलिया के रास्ते कस्बा चंदौली पहुंचेंगे और वहां से एनएच-19 के जरिए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
वहीं चंदौली और चकिया की तरफ से आने वाले भारी वाहन, चार पहिया वाहन एवं हल्के वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं व कांवड़ियों को नवही चौराहा से भगवानपुर तालाब होते हुए एनएच-19 के रास्ते भेजा जाएगा।
पुलिस ने श्रद्धालुओं, कांवड़ियों और वाहन चालकों से अपील की है कि श्रावण मास के चौथे सोमवार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही प्रयोग करें। यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करें।


















