रक्षाबंधन पर मिलावटखोरों पर नकेल, खाद्य विभाग ने मारा छापा, मुगलसराय और चंदौली के मिष्ठान, डेयरी व मॉल में कार्रवाई, 11 खाद्य पदार्थों के नमूने सील

12

रक्षाबंधन पर मिलावटखोरों पर नकेल, खाद्य विभाग ने मारा छापा, मुगलसराय और चंदौली के मिष्ठान, डेयरी व मॉल में कार्रवाई, 11 खाद्य पदार्थों के नमूने सील

चंदौली : रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश तथा सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) धीरेंद्र सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को मुगलसराय और चंदौली क्षेत्र के विभिन्न मिष्ठान प्रतिष्ठानों, डेयरी और शॉपिंग मॉल में ताबड़तोड़ छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।

अभियान के दौरान दूध, पनीर, खोया, बटर, क्रीम और फ्रूट सिरप समेत कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने संगृहीत कर सील किए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आईपी मुगल मॉल, मुगलसराय स्थित विभिन्न आउटलेट्स से चार फ्रूट सिरप, एक बटर, एक दूध और एक क्रीम का नमूना लिया। वहीं इंदिरानगर स्थित यादव डेयरी से त्योहार के दौरान मावे और दुग्ध उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए खोया, पनीर और दूध के नमूने लिए गए।

इसके अलावा कैली रोड स्थित डेयरी पर आईजीआरएस के माध्यम से पनीर में मिलावट की मिली शिकायत के निस्तारण के लिए टीम पहुंची और मौके से पनीर का नमूना लेकर उसे सील कर जांच के लिए भेजा।

छापेमारी का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव और अरविंद कुमार भी शामिल रहे।

सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) धीरेंद्र सिंह ने कहा कि त्योहार के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच में खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से जहां मिलावटखोरी करने वालों में खलबली मची है, वहीं आम उपभोक्ताओं में भी शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध होने की उम्मीद बढ़ी है।