मुगलसराय में 70 लीटर अवैध देशी शराब के साथ पांच महिलाएं गिरफ्तार

26

मुगलसराय में 70 लीटर अवैध देशी शराब के साथ पांच महिलाएं गिरफ्तार

चंदौली : मुगलसराय पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 350 पाउच ब्लू लाइम देशी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा करीब 70 लीटर और अनुमानित कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, रविवार को चकिया तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुलिस कॉलोनी के पास एक पेड़ के नीचे पांच महिलाएं सफेद झोलों में देशी शराब लेकर बैठी हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांचों महिलाओं को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान अलग-अलग सफेद झोलों से कुल 350 पाउच ब्लू लाइम देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में महिलाओं ने पुलिस को बताया कि शराब की दुकानें बंद होने के बाद वे घूम-घूमकर शराब ऊंचे दामों पर बेचती थीं और इससे होने वाली कमाई से अपना जीवन-यापन करती थीं।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान डोमनी देवी (50), राजमुनी कुँवर (50), विन्धयाचली कुँवर (50), हिरंगा देवी (38) और सुमन देवी (50) के रूप में हुई है। सभी बिहार के रोहतास व भोजपुर जिले की निवासी बताई गई हैं।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी रेलवे शिवपूजन बिन्द, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल अमित यादव और महिला कांस्टेबल प्रियंका प्रजापति शामिल रहीं।