प्रोटोकॉल के बावजूद शहीद स्मारक नहीं पहुंचे एडीएम, नाराज ब्लॉक प्रमुख ने दी धरने की चेतावनी, एडीएम ने मौके पर पहुंचकर स्वीकार की गलती, लोगों से मांगी माफी, अधिकारियों के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला
चंदौली : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धानापुर कस्बा स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब निर्धारित प्रोटोकॉल के बावजूद एडीएम न्यायिक रतन वर्मा समय से मौके पर नहीं पहुंचे। इससे नाराज ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ धरने पर बैठने की चेतावनी दे दी। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई और आनन-फानन में एडीएम न्यायिक रतन वर्मा, एसडीएम सकलडीहा आकांक्षा सिंह, तहसीलदार अनुराग सिंह सहित अन्य अधिकारी शहीद स्मारक पर पहुंचे।
धानापुर की मिट्टी को नमन करना सौभाग्य : एडीएम
मौके पर पहुंचते ही एडीएम न्यायिक रतन वर्मा ने बिना किसी देरी के अपनी गलती स्वीकार की और उपस्थित लोगों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें कार्यक्रम के प्रोटोकॉल की जानकारी नहीं हो सकी, जिसके कारण वह समय से शहीद स्मारक पर उपस्थित नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि धानापुर शहीदों की धरती है और इस पावन मिट्टी पर आकर शहीदों को नमन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
एडीएम के माफी मांगने के बाद मौके पर मौजूद लोगों का आक्रोश शांत हुआ। उपस्थित लोगों ने प्रशासन से स्पष्ट कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए और शहीदों से जुड़े कार्यक्रमों में प्रशासनिक स्तर पर विशेष गंभीरता बरती जानी चाहिए।
प्रोटोकॉल की सूचना न मिलने से हुई चूक : ब्लॉक प्रमुख
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि प्रत्येक वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत कोई न कोई अधिकारी धानापुर शहीद स्मारक पर पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होता रहा है। इस वर्ष एडीएम न्यायिक रतन वर्मा की ड्यूटी निर्धारित थी, लेकिन संभवत: उन्हें प्रोटोकॉल की सूचना समय से नहीं मिल सकी, जिसके कारण वह निर्धारित समय पर मौके पर उपस्थित नहीं हो पाए। इसी बात को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने अपना विरोध दर्ज कराया।
डीएम-विधायक के हस्तक्षेप से मामला शांत
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि वह जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और विधायक सुशील सिंह का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर भेजा। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग केवल इतनी थी कि जिम्मेदार अधिकारी अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगें। एडीएम न्यायिक ने बिना विलंब के लोगों से क्षमा मांगकर मामले को समाप्त कराया, जिसके बाद सभी लोग शांत हो गए।
शहीद स्मारक पर प्रोटोकॉल को लेकर उठे सवाल
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि धानापुर की धरती का स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में विशेष स्थान है। ऐसे में शहीद स्मारक पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शहीदों के प्रति सम्मान और श्रद्धा का विषय है। लोगों ने प्रशासन से भविष्य में प्रोटोकॉल के पालन में विशेष सावधानी बरतने की अपेक्षा जताई।
ये रहे मौजूद
इस दौरान प्रधान राजेश सिंह, प्रधानपति रामप्रवेश त्रिपाठी, राधेश्याम सिंह, कमलाकांत मिश्रा, बांके बिहारी सिंह, डॉ. पीसी दीक्षित, जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह, सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. नरेंद्र शर्मा ने की, जबकि संचालन गोविंद उपाध्याय ने किया।


















