राष्ट्रीय पर्यवेक्षक अली मेहदी ने टटोली चंदौली कांग्रेस की नब्ज, कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद
चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में आयोजित हुई। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक अली मेहदी, प्रादेशिक पर्यवेक्षक सरिता पटेल एवं देवेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की। इस दौरान कांग्रेसजनों ने राष्ट्रीय पर्यवेक्षक का जोरदार स्वागत किया।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आयोजित बैठक में राष्ट्रीय पर्यवेक्षक अली मेहदी ने संगठन की जमीनी स्थिति को समझने के लिए कार्यकर्ताओं से अलग-अलग मुलाकात की। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भूमिका और चुनावी तैयारियों को लेकर उनसे जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।
बैठक के बाद कांग्रेसजनों ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा स्थल को गंगाजल से धोए जाने की घटना के विरोध में पैदल मार्च निकाला। कांग्रेस नेताओं ने इसे दलित विरोधी मानसिकता बताते हुए विरोध दर्ज कराया और सामाजिक समानता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
पैदल मार्च एवं कार्यक्रम में बृजेश गुप्ता, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राजेंद्र गौतम, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, हीरा लाल शर्मा, अकील अहमद, बाबू गंगा प्रसाद, तौफीक खान, शाहिद तौसीफ, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, शिवेंद्र मिश्रा, राकेश सिंह, शीतला प्रसाद, शशिनाथ उपाध्याय, डॉ. रामधार जोसफ, सतीश बिंद, नवीन पांडेय, संतोष तिवारी, गुलाब राम, हम्मीर शाह, परमहंस सिंह, रामौतार यादव, पवन पासवान, नेहाल अख्तर, योगेंद्र सिंह, समर बहादुर सिंह, प्रताप पांडेय सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की, जबकि संचालन विजई त्रिपाठी ने किया। बैठक और पैदल मार्च के माध्यम से कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने तथा कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का संदेश दिया।


















