चंद्रिका माता मंदिर से दो कुंतल घंटे चोरी, 24 घंटे बाद भी खुलासा नहीं; ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के बेलवानी गांव स्थित प्राचीन चंद्रिका माता मंदिर में सोमवार की देर रात हुई करीब दो कुंतल घंटे की चोरी का 24 घंटे बाद भी खुलासा न होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द चोरी का खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार की रात करीब 12:30 बजे चोर मंदिर परिसर में लगे लगभग 15 से 16 घंटे चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह ग्रामीण मंदिर परिसर में बने व्यायामशाला और अखाड़े में पहुंचे तो मंदिर के सामने लगे घंटे गायब देखकर हैरान रह गए। सूचना मिलने पर 112 नंबर के साथ बलुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर जल्द घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना की रात गांव का एक व्यक्ति करीब 12:30 बजे लघुशंका के लिए उठा था। इसी दौरान गांव के दक्षिण दिशा में करीब 200 मीटर की दूरी पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी। संदेह होने पर उसने इसकी जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी, लेकिन तब तक बाइक वहां से गायब हो चुकी थी। एक ग्रामीण ने मोटरसाइकिल का नंबर भी नोट कर लिया था।
ग्राम प्रधान प्यारेलाल पासवान ग्रामीणों के साथ मंगलवार को बलुआ थाने पहुंचे और मंदिर में चोरी की तहरीर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि संदिग्ध मोटरसाइकिल का नंबर कैलावर चौकी प्रभारी को भी उपलब्ध कराया गया, लेकिन अब तक इस संबंध में प्रभावी पूछताछ या कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने कहा कि चंद्रिका माता मंदिर से क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। ग्रामीण सुबह मंदिर में माता का दर्शन और आशीर्वाद लेने के बाद ही अपने कार्यों की शुरुआत करते हैं। मंदिर से घंटे चोरी होने की घटना से उनकी धार्मिक भावनाओं को गहरा आघात पहुंचा है। ग्रामीणों ने पुलिस से चोरों को तत्काल गिरफ्तार कर चोरी किए गए घंटे बरामद करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने से लोगों में भय और आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


















