रेलवे सिग्नल केबल चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार
चंदौली : सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर रखे ड्रम से सिग्नलिंग केबल चोरी होने के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपित केबल चोरी करने वाले हैं, जबकि एक चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी बताया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत का 26 मीटर 12-कोर सिग्नलिंग केबल, चोरी में प्रयुक्त हेक्सा ब्लेड, दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर तैनात एसआईएम रामनारायण राय ने तहरीर देकर बताया था कि 10 अगस्त की रात स्टेशन के बाहर रखे ड्रम से अज्ञात चोर करीब 25 से 30 मीटर सिग्नलिंग केबल काटकर ले गए। शिकायत के आधार पर सकलडीहा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 12 अगस्त की रात करीब दो बजे चतुर्भुजपुर बाजार में चेकिंग के दौरान चार आरोपितों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने हेक्सा ब्लेड से रेलवे का सिग्नल केबल काटकर चोरी किया था और उसे पल्सर बाइक से बेचने के लिए कबाड़ी बनारसी चौहान के पास लेकर पहुंचे थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिनेश कुमार राय उर्फ दिलीप, दिलीप राय और रोहित राय, तीनों निवासी दिघवट, थाना चन्दौली, तथा चोरी का माल खरीदने वाले बनारसी चौहान निवासी चतुर्भुजपुर, थाना सकलडीहा के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक जगदीश यादव, उपनिरीक्षक जयप्रकाश दूबे और कांस्टेबल प्रश्विन दूबे शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से रेलवे संपत्ति चोरी के मामले का खुलासा होने पर क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई की चर्चा रही।


















