कन्दवा थाने के वार्षिक निरीक्षण में एसपी के सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

61

कन्दवा थाने के वार्षिक निरीक्षण में एसपी के सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

चन्दौली : पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बुधवार को थाना कन्दवा का वार्षिक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, मेस और सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण किया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई, आगंतुक, अपराध, त्योहार, भूमि विवाद और बीट सूचना रजिस्टर समेत विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी रजिस्टरों को अद्यतन और व्यवस्थित रखने के साथ लंबित विवेचनाओं एवं प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण करते हुए ऑनलाइन प्रविष्टियों और डाटा एंट्री को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।

एसपी ने अभियोगों से संबंधित माल और सीज वाहनों के व्यवस्थित रख-रखाव तथा न्यायालय के आदेश के अनुसार उनके नियमानुसार विधिक निस्तारण पर भी जोर दिया। बैरक और मेस की साफ-सफाई एवं भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण कर बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने थाना प्रभारी को रात्रि गश्त और वाहन चेकिंग प्रभावी बनाने, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने को कहा। आगामी पर्वों को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।

महिला एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई, महिला हेल्प डेस्क के प्रभावी संचालन तथा आमजन के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना क्षेत्र के ग्राम चौकीदारों के साथ बैठक कर उन्हें अंगवस्त्र वितरित किए। उन्होंने गांवों में होने वाली छोटी से छोटी घटना और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्यप्रणाली में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त वैधानिक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी।