शादी समारोह में मारपीट कर युवक को गंभीर रूप से घायल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

28

शादी समारोह में मारपीट कर युवक को गंभीर रूप से घायल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

चंदौली : धानापुर थाना पुलिस ने शादी समारोह के दौरान युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, शहाबगंज थाना क्षेत्र के काटा विशुनपुरा निवासी रेखा पत्नी अंगद ने धानापुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि 10 अगस्त की रात उनके पति अंगद धानापुर कस्बे में एक शादी समारोह में गए थे। वहां आपसी विवाद के दौरान सन्तू, उसके दामाद राजा और दामाद के एक मित्र ने एक राय होकर लाठी-डंडे से अंगद के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

तहरीर के आधार पर धानापुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 144/2026 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश और चेकिंग कर रही थी।

इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बृजेश कुमार मिश्र व पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अमरा गांव निवासी सन्तू पुत्र स्व. रामलाल (52 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई एक लाठी भी बरामद की।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शादी समारोह के दौरान उसका, उसके दामाद राजा और दामाद के मित्र का अंगद से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर तीनों ने मिलकर अंगद पर लाठी-डंडे से हमला किया और मौके से फरार हो गए।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र, उपनिरीक्षक बृजेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक चन्देश्वर सिंह तथा हेड कांस्टेबल राजेश कुमार यादव शामिल रहे।