चकिया में निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा महाविद्यालय परिसर

53

चकिया में निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा महाविद्यालय परिसर

चंदौली : सावित्री बाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चकिया में बुधवार, 12 अगस्त को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. संगीता सिन्हा की अध्यक्षता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह के कुशल निर्देशन में आयोजित यात्रा में प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

तिरंगा यात्रा महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर शेरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से होकर गुजरी। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए छात्र-छात्राओं ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “तिरंगा हमारी शान है” जैसे देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. संगीता सिन्हा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, विविधता, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे देश के लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करते हुए राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सरवन कुमार यादव, डॉ. प्रियंका पटेल, पवन कुमार सिंह, डॉ. शमशेर बहादुर, विश्व प्रकाश शुक्ल, कर्मचारी देवेन्द्र बहादुर सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।