सैयदराजा शहीद स्मारक को भगवा रंग से रंगने पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति, डीएम को सौंपा ज्ञापन

60

सैयदराजा शहीद स्मारक को भगवा रंग से रंगने पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति, डीएम को सौंपा ज्ञापन

चंदौली : सैयदराजा स्थित शहीद स्मारक परिसर के नवनिर्मित भवन को नारंगी (भगवा) रंग से रंगे जाने के मामले को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि शहीद स्मारक और उससे जुड़े भवन को तिरंगा रंग में रंगा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रंगाई का कार्य नहीं रोका गया तो पार्टी कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन और आंदोलन के लिए सड़क पर उतरेंगे।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा कि सैयदराजा में शासन की ओर से शहीद स्मारक का नवनिर्माण कराया गया है। स्मारक के समीप एक भवन का भी निर्माण कराया गया है और अब वहां रंगाई-पुताई का कार्य चल रहा है। आरोप है कि मानकों की अनदेखी करते हुए भवन को तिरंगा रंग में रंगने के बजाय पूरी तरह नारंगी (भगवा) रंग में रंगने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की शहादत और देश के गौरव का प्रतीक है। ऐसे स्थान की गरिमा और भावनाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से कार्य कराया जा रहा है और इससे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान होता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को लेकर शहीद स्मारक समिति के लोगों में भी नाराजगी है।

कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर रंगाई का कार्य तत्काल रुकवाने और स्मारक परिसर को निर्धारित स्वरूप में रंगवाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें भी इस मामले में पहल कर शहीद स्मारक की गरिमा बनाए रखने के लिए आगे आना चाहिए।

ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस नेता मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, गंगा सिंह, राकेश सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।