अज्ञात वाहन की टक्कर से बढ़ई की दर्दनाक मौत, परिवार का बुझा इकलौता कमाऊ चिराग
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज पुलिस चौकी अंतर्गत सुरतापुर पथरा गांव के समीप सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार की सुबह सड़क किनारे शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार फुटियां, चंदौली निवासी सुनील विश्वकर्मा (25) पेशे से बढ़ई थे और परिवार के मुख्य एवं अकेले कमाऊ सदस्य थे। सोमवार शाम वह अपने ननिहाल देवरापुर गए थे। देर रात बाइक से घर लौटते समय सुरतापुर पथरा गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सुनील की मौके पर ही मौत हो गई।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे राहगीरों ने सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
सुनील तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी शादी धानापुर थाना क्षेत्र के अमरा गांव निवासी गुड़िया देवी से हुई थी। उनके दो मासूम बेटे हैं, जिनमें पांच वर्षीय सूर्या और छह माह का मासूम शामिल है। परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से पत्नी गुड़िया देवी, माता आशा देवी, पिता बुल्लू विश्वकर्मा तथा भाई सचिन और राजकुमार समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बलुआ थाना के उपनिरीक्षक अनंत भार्गव ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों से सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही अज्ञात वाहन की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


















