यातायात नियमों के पालन को लेकर बलुआ पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, हेलमेट पहनने, मोबाइल का प्रयोग न करने और नशे में वाहन न चलाने की अपील

14

यातायात नियमों के पालन को लेकर बलुआ पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, हेलमेट पहनने, मोबाइल का प्रयोग न करने और नशे में वाहन न चलाने की अपील

चंदौली : यातायात नियमों के पालन और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर बलुआ पुलिस ने सोमवार को चहनिया कस्बा एवं आसपास के क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आमजन के साथ संवाद कर लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सड़क पर निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। बाजार क्षेत्र में विशेष सावधानी बरतने और पैदल चलने वाले लोगों सहित अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।

थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का पालन महज पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने जीवन और परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही कई बार गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।

पुलिस टीम ने पोस्टर और जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को “धीमे चलें, सुरक्षित चलें और यातायात नियमों का पालन करें” का संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि बाजार और प्रमुख मार्गों पर इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाने से लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

इस दौरान एसआई अनंत भार्गव, एसआई विनोद सिंह, एसआई जमीलुद्दीन, व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव, पूर्व प्रधान सरिद्वार यादव, डॉ. अजय कुमार सिंह, गोपाल गुप्ता, प्रधानपति सतीश गुप्ता, शिवलाल जायसवाल, रामबिलास गुप्ता, आनंद सिंह, भोलू यादव सहित पुलिसकर्मी, व्यापारी एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।