निषाद पार्टी ने फूलन देवी हत्याकांड की CBI जांच समेत विभिन्न मांगों को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन
चंदौली : निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के कार्यकर्ताओं एवं मछुआ समुदाय के लोगों ने पूर्व सांसद एवं वीरांगना फूलन देवी की हत्या की सीबीआई जांच समेत विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मछुआ समुदाय से जुड़ी जातियों को अनुसूचित जाति का प्रमाण-पत्र जारी किए जाने तथा शासनादेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
ज्ञापन में कहा गया कि शासन स्तर से जारी अधिसूचनाओं के अनुसार निषाद, केवट, मल्लाह, कश्यप, कहार, धीमर, बिंद, बाथम, तुरहा, गोडिया, मांझी और मछुआ आदि जातियों को लेकर प्रमाण-पत्र जारी करने में स्पष्ट नियमों का पालन किया जाना चाहिए। आरोप लगाया गया कि जनपद एवं तहसील स्तर पर नियमों की अनदेखी करते हुए इन समुदायों को पिछड़ी जाति का प्रमाण-पत्र जारी किया जा रहा है। संगठन ने ऐसे प्रमाण-पत्रों के निर्गमन पर रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में संविधान की अनुसूची में मझवार और तुरैहा जातियों के उल्लेख का हवाला देते हुए संबंधित शासनादेशों के अनुरूप पात्र लोगों को अनुसूचित जाति का प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही जनपद संतकबीरनगर की तर्ज पर पूरे प्रदेश में शासनादेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा सभी जिलाधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया।
इसके अलावा संगठन ने पूर्व सांसद वीरांगना फूलन देवी की संपत्ति को कथित रूप से माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराकर उनकी माता के नाम किए जाने, उनकी माता को सांसद की माता के रूप में अधिकार दिए जाने तथा फूलन देवी की हत्या की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई।
ज्ञापन में फूलन देवी के नाम पर महिलाओं के लिए सेल्फ डिफेंस सेंटर खोलने और उनके गांव को आदर्श गांव के रूप में विकसित करने की मांग भी शामिल रही। संगठन ने कहा कि मछुआ समाज से जुड़ी सभी मांगों पर शासन गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करे।


















