सड़क चौड़ीकरण के बाद जलजमाव से बेहाल ग्रामीण, एसडीएम से स्थायी समाधान की मांग
चंदौली : चकिया तहसील क्षेत्र के विकासखंड शहाबगंज अंतर्गत ग्राम बड़ौरा में सड़क चौड़ीकरण के बाद उत्पन्न जल निकासी की समस्या अब ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से गांव के साथ-साथ आसपास के कृषि क्षेत्रों में भी लंबे समय से जलजमाव बना हुआ है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के बाद जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित हो गई, जिसके चलते बारिश का पानी गांव और खेतों में जमा हो जाता है। लंबे समय तक पानी भरा रहने से किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले छह-सात वर्षों से उन्हें इस समस्या के कारण लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए पूर्व में भी 6 जुलाई 2026 को समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर नोडल अधिकारी की नियुक्ति, संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा संयुक्त स्थलीय निरीक्षण तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की गई थी। आरोप है कि इसके बावजूद अब तक समस्या के समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच कराकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम से स्थलीय निरीक्षण कराने तथा जल निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगामी बारिश के दौरान स्थिति और विकट हो सकती है तथा गांव के साथ किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।


















