14 वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मामले की हर पहलू से पुलिस कर रही जांच
चंदौली : जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र के बबुरी कस्बा में बुधवार देर शाम एक 14 वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना मिलते ही बबुरी थाना प्रभारी किशोर कुमार चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका के परिवार में पिछले कई दिनों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पारिवारिक तनाव लगातार बढ़ रहा था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बालिका की मौत का संबंध इसी विवाद से हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


















