एक पौधा जरूर लगाएं, तभी बचेगा मानव जीवन – चेयरमैन गौरव की अपील, मूसाखाड़ से हरियाली का गूंजा संदेश
चंदौली : पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से चकिया रेंज, काशी वन्यजीव प्रभाग रामनगर के तत्वावधान में संचालित दस दिवसीय वृक्षारोपण संकल्प अभियान के आठवें दिन गुरुवार को शहाबगंज विकासखंड के मूसाखाड़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में भव्य पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, छात्रों और ग्रामीणों ने मिलकर सैकड़ों फलदार एवं छायादार पौधे रोपे और उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ तहसीलदार देवेंद्र कुमार, नगर पंचायत चकिया के अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, वन क्षेत्राधिकारी अश्वनी चौबे, प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार श्रीवास्तव तथा नायब तहसीलदार आलोक निषाद ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर किया। इस दौरान आम, आंवला, बेल, जामुन, अमरूद, सागौन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में आयोजित “वृक्ष ही जीवन हैं” विषयक गोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए तहसीलदार देवेंद्र कुमार ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा, “पेड़ काटने वाले थक जाएंगे, लेकिन आप पौधे लगाना मत छोड़िए।” उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और आसपास उपलब्ध खाली स्थानों पर पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
साथ ही उन्होंने पीपल, बरगद, बांस और सहजन जैसे पौधों के पर्यावरणीय, सामाजिक एवं धार्मिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अवैध रूप से पेड़ों की कटाई होती दिखाई दे तो तत्काल संबंधित विभाग अथवा डायल-112 को सूचना दें।
नगर पंचायत चकिया के अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा, “एक व्यक्ति यदि सिर्फ एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण कर ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकता है।” उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्षों पहले लगाए गए पौधे आज विशाल वृक्ष बनकर लोगों को छाया, स्वच्छ हवा और जीवन दे रहे हैं।
वन क्षेत्राधिकारी अश्वनी चौबे ने कहा कि वन विभाग का उद्देश्य केवल वन क्षेत्र बढ़ाना नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण की चेतना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि जब सामाजिक संस्थाएं, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक इस अभियान से जुड़ते हैं तो हरित क्रांति को नई ऊर्जा और व्यापक जनसमर्थन मिलता है।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार आलोक निषाद, भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अशोक कुमार, शिक्षक अश्वनी कुमार, धनशेखर, अनिल कुमार, सुजीत कुमार, शहबाज अली, उमेश, दिवाकर, चंद यादव, वन दरोगा रामआशीष, वन दरोगा अमित यादव, वन रक्षक शिवबक्स, आदित्य सिंह, अमित सिंह, मोहम्मद आजाद, कोषाध्यक्ष अमरदीप गुप्ता, सौरभ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।


















