कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एसपी का बड़ा फेरबदल, चार निरीक्षक व दो उप निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव
चंदौली : जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, चुस्त एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मंगलवार को पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस आदेश के तहत चार निरीक्षकों तथा दो उप निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार, अब तक जन शिकायत एवं प्रभारी मीडिया सेल का दायित्व संभाल रहे निरीक्षक गगन राज सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना अलीनगर नियुक्त किया गया है। वहीं, अलीनगर के प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल को पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक थाना धानापुर त्रिवेणी लाल सेन को भी पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह जनपद नियंत्रण कक्ष के प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्र को धानापुर थाने का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा, उप निरीक्षक विनोद कुमार अंचल को बी.एस. टीम से स्थानांतरित कर थानाध्यक्ष कंदवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अब तक कंदवा थाने का नेतृत्व कर रहे राजीव मल्ल को बी.एस. टीम में भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी तथा अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पुलिस महकमे में हुए इस बदलाव के बाद संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने नए कार्यभार ग्रहण करने की तैयारी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि नई तैनातियों से थानों की कार्यप्रणाली में और अधिक तेजी आएगी तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ अपराध एवं कानून व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सकेगा।


















