मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, प्रदेश के 12 लाख शिक्षकों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा तोहफा

83

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, प्रदेश के 12 लाख शिक्षकों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा तोहफा

चंदौली : प्रदेश सरकार ने शिक्षा जगत से जुड़े लाखों कर्मचारियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ कर दिया है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को वाराणसी से इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया। इसके साथ ही जनपद चंदौली में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री ने योजना का औपचारिक शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से अब प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी तथा उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र शिक्षक एवं उनके आश्रित परिवार को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक बोझ कम होगा और शिक्षकों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।

मंत्री ने बताया कि योजना का लाभ केवल नियमित शिक्षकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के पात्र कार्मिकों को भी इसमें शामिल किया गया है। उन्होंने इसे प्रदेश सरकार की समावेशी और जनकल्याणकारी सोच का महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों तथा शिक्षा से जुड़े कर्मचारियों को योजना के शुभारंभ पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि स्वस्थ शिक्षक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मजबूत नींव रख सकते हैं।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना को शिक्षकों के हित में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल बताया।