डीएम के निर्देश पर स्कूल वाहनों की सघन जांच, 35 वाहनों का चालान, 20 गाड़ियां सीज
चंदौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंगलवार को व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। “मिशन सेफ” के अंतर्गत परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में संचालित बसों एवं अन्य वाहनों की गहन जांच की। अभियान के दौरान वाहनों की फिटनेस, आवश्यक दस्तावेज, सुरक्षा मानकों तथा निर्धारित नियमों का बारीकी से परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने स्कूल बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी एग्जिट, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, वाहन फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, परमिट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का सत्यापन किया। साथ ही स्कूल प्रबंधन से सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए शपथ पत्र भी लिया गया।
अभियान के दौरान बस चालकों से भी बातचीत कर उनका फीडबैक लिया गया तथा सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात नियमों के पालन और बच्चों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 35 वाहनों का चालान किया, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 20 वाहनों को सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई से वाहन संचालकों एवं स्कूल प्रबंधन में हड़कंप की स्थिति रही।
एआरटीओ सर्वेश गौतम ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में यह विशेष अभियान लगातार 15 जुलाई तक चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहनों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित करें। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों एवं संबंधित संस्थानों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


















