बलुआ पुलिस का बड़ा खुलासा, सरिया चोरी का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

208

बलुआ पुलिस का बड़ा खुलासा, सरिया चोरी का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

चंदौली : बलुआ थाना पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई करीब एक कुंतल लोहे की सरिया बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

जानकारी के अनुसार, थाना बलुआ क्षेत्र के खण्डवारी (चहनियां) निवासी प्रवीण सिंह पुत्र स्वर्गीय रामचन्द्र सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके मकान के गेट के अंदर निर्माण कार्य के लिए रखी लगभग डेढ़ कुंतल लोहे की सरिया अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई है। तहरीर के आधार पर बलुआ थाने में मु0अ0सं0 192/2026 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर रविवार को ग्राम मरकनिया पक्खोपुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई 14 नग लोहे की सरिया (करीब एक कुंतल) बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित खरवार पुत्र कन्हैया खरवार निवासी चहनियां, राहुल कुमार पुत्र रामकिशुन राम निवासी चहनियां तथा पंकज कुमार पुत्र फ्रींगी राम निवासी सिंगहा, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।

पुलिस ने बरामद सरिया को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है ताकि चोरी की घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जा सके।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के अलावा उपनिरीक्षक अमरनाथ साहनी, उपनिरीक्षक जितेन्द्र बहादुर सिंह, कांस्टेबल शिशिर यादव, रमेश चौहान, प्रशिक्षु आरक्षी प्रांशु मिश्रा यादव तथा अनमोल वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।