पुलिस-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, शराब तस्करों के मंसूबों पर फिरा पानी! 54 हजार की शराब के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार!

67

पुलिस-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, शराब तस्करों के मंसूबों पर फिरा पानी! 54 हजार की शराब के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार!

चंदौली : मुगलसराय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 19.35 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, दो मोबाइल फोन और नगदी बरामद हुई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 54 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस और आरपीएफ की टीम शनिवार को रेलवे डाउन रिसीविंग यार्ड से जीटीआर पुल की ओर गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान जीटीआर पुल के नीचे रेलवे किलोमीटर संख्या 673/86 के पास दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार साव निवासी खगौल, थाना दानापुर, पटना तथा पंकज कुमार मिश्रा निवासी कर्मपुरा, थाना गोपालपुर, पटना (बिहार) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 70 टेट्रा पैक 8 पीएम, 20 आफ्टर डार्क ब्लू और 7 रॉयल स्टैग ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके अलावा दोनों के पास से दो मोबाइल फोन तथा ₹800 नकद भी मिले।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाते हुए ट्रेनों के माध्यम से ऊंचे दामों पर बेचते थे। इसी उद्देश्य से वे शराब लेकर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे, तभी संयुक्त टीम ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पंकज कुमार मिश्रा के खिलाफ बिहार में भी आबकारी अधिनियम का एक मामला पहले से दर्ज है।

इस कार्रवाई में मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सतीश प्रकाश, उपनिरीक्षक मोहम्मद अरशद सहित मुगलसराय पुलिस एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।