एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आम भंडारा व पौध वितरण, विधायक ने किया पौधरोपण
चंदौली : चहनियां स्थित मां खण्डवारी महिला महाविद्यालय परिसर में रविवार को वन विभाग की ओर से “एक पेड़ मां के नाम” वन महोत्सव वृक्षारोपण महायज्ञ के अंतर्गत “आम भंडारा आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह तथा महाविद्यालय के चेयरमैन डॉ. राजेन्द्र प्रताप सिंह ने आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान सैकड़ों लोगों को आम के पौधों का भी निःशुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण को सुरक्षित बनाना है। उन्होंने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। यह न केवल शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण को संतुलित रखने और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल करना भी सभी की जिम्मेदारी है। पेड़ मनुष्य, पशु-पक्षियों और राहगीरों सभी के लिए उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में अंधाधुंध पेड़ों की कटाई का असर आज मौसम और मानसून पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इसलिए हर व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, धनंजय सिंह, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, वन क्षेत्राधिकारी राम संवारे यादव, सचिदानंद सिंह, आनंद सिंह, एडवोकेट संदीप रघुवंशी, बबलू सिंह, अजीत सिंह, सुजीत सिंह, वन विभाग के जितेंद्र यादव, अभिषेक यादव, फिरोज गांधी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


















