पुलिस गश्त के बीच काली माता मंदिर में चोरी, सात पीतल के घंटे व चांदी का मुकुट ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : शहाबगंज थाना क्षेत्र के सेमरा स्थित त्रिपाठी चौराहा पर पुलिस की रात्रि गश्त और पिकेट ड्यूटी के बावजूद चोरों ने महज दस मीटर की दूरी पर स्थित प्राचीन काली माता मंदिर को निशाना बनाकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। चोर मंदिर से सात बड़े पीतल के घंटे और माता काली के सिर पर स्थापित लगभग 250 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट चोरी कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात जहां त्रिपाठी चौराहा पर पुलिस वाहन हूटर बजाते हुए गश्त करता रहा और होमगार्ड के जवान भी ड्यूटी पर तैनात थे, वहीं बेखौफ चोर मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर आसानी से निकल गए। उल्लेखनीय है कि बीते एक सप्ताह के भीतर थाना क्षेत्र में यह चौथी चोरी की घटना है, जिससे लोगों में दहशत और पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ गई है।
शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो घंटों और चांदी का मुकुट गायब देखकर स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने थाना शहाबगंज में लिखित तहरीर देकर घटना के शीघ्र खुलासे और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है। यदि जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन करने पर भी विचार किया जाएगा।
इस संबंध में थाना प्रभारी कृपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।


















