रोपाई से पहले बिगड़ा केरायगांव रेगुलेटर, हजारों बीघा खेती पर सिंचाई संकट गहराया, किसानों ने आंदोलन की दी चेतावनी

77

रोपाई से पहले बिगड़ा केरायगांव रेगुलेटर, हजारों बीघा खेती पर सिंचाई संकट गहराया, किसानों ने आंदोलन की दी चेतावनी

चंदौली : जिले में कमजोर मानसून और धान की रोपाई का समय नजदीक आने के साथ ही सिंचाई व्यवस्था को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। इसी बीच केरायगांव ड्रेन पर स्थित केरायगांव रेगुलेटर का गेट खराब होने से क्षेत्र के किसानों में भारी नाराजगी है। किसानों का आरोप है कि हाल ही में कराई गई मरम्मत के बावजूद रेगुलेटर का गेट न तो ऊपर उठ रहा है और न ही नीचे गिर रहा है, जिससे सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

किसान विकास मंच के युवा नेता भीष्म नारायण यादव ने किसानों के साथ मौके पर पहुंचकर गेट को संचालित करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो हजारों बीघा कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित होगी और किसानों की धान की रोपाई संकट में पड़ जाएगी। साथ ही, इसी रेगुलेटर से क्षेत्र के कई गांवों के बाढ़ का पानी भी निकलता है। ऐसे में गेट बंद रहने से भविष्य में बाढ़ का खतरा भी बढ़ सकता है।

किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने बताया कि इस समस्या को बंधी डिवीजन के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र आजाद, सहायक अभियंता मनोज सिंह तथा अवर अभियंता अजेश्वर सिंह के संज्ञान में लाया गया है।

अवर अभियंता अजेश्वर सिंह ने कहा कि ठेकेदार को तत्काल मौके पर भेजकर गेट को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस प्रकार की शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द समाधान कराया जाएगा।

किसानों ने वीडियो जारी कर प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते रेगुलेटर की मरम्मत नहीं कराई गई तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस दौरान भीष्म नारायण यादव, केदारनाथ, हिमांशु कुमार, अविनाश यादव, अमित कुमार सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।