पिता की डांट से आहत छात्रा ने दी जान, दूसरी घटना में मां ने मासूम बेटे संग लगाई फांसी, पीडीडीयू नगर में एक ही रात दो दर्दनाक घटनाओं से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : पीडीडीयू नगर (मुगलसराय) कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की रात हुई दो अलग-अलग आत्महत्या की घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पहली घटना में पिता की डांट से आहत होकर इंटरमीडिएट की 19 वर्षीय छात्रा ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली, जबकि दूसरी घटना में 23 वर्षीय विवाहिता ने अपने दो वर्षीय बेटे के साथ फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना सुभाष नगर की है। मूल रूप से बिहार के लखीसराय निवासी बबलू सिंह कई वर्षों से परिवार के साथ किराये के मकान में रह रहे हैं। वह निजी वाहन चालक हैं और जल्द ही अपने नए मकान में शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे थे। उनकी चौथी बेटी खुशी सिंह (19), जो इंटरमीडिएट की छात्रा थी, कुछ दिन पहले बिना बताए दोस्तों के साथ दार्जिलिंग घूमने चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने मुगलसराय कोतवाली में गुमशुदगी की सूचना दी थी।
शुक्रवार को घर लौटने पर पिता ने उसकी इस हरकत को लेकर नाराजगी जताते हुए डांट लगाई। रात में भोजन करने के बाद खुशी अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक कोई आहट न मिलने पर परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो वह टीवी स्टैंड से स्टॉल के फंदे के सहारे लटकी मिली। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी घटना हनुमानपुर मोहल्ले की है। यहां अजय कुमार पटेल की पत्नी प्रिया पटेल (23) ने अपने दो वर्षीय बेटे युवराज के साथ साड़ी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। अजय कुमार के अनुसार शुक्रवार को दिनभर घर का माहौल सामान्य था। शाम को पत्नी ने बेटे के लिए मैंगो जूस लाने को कहा था। जब वह रात करीब आठ बजे घर लौटे तो खिड़की से देखा कि पत्नी पंखे से लटकी हुई थी और उसी साड़ी का दूसरा सिरा बेटे युवराज के गले में बंधा हुआ था।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया और दोनों को नीचे उतारकर निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों घटनाओं के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।


















