लोहे के गुप्त केबिन में छिपाकर बिहार भेजी जा रही 58 लाख की अवैध शराब पकड़ी, गुजरात के दो तस्कर गिरफ्तार

124

लोहे के गुप्त केबिन में छिपाकर बिहार भेजी जा रही 58 लाख की अवैध शराब पकड़ी, गुजरात के दो तस्कर गिरफ्तार

चंदौली : सदर कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंजाब से बिहार तस्करी के लिए भेजी जा रही करीब 58 लाख रुपये मूल्य की 663 पेटी (5898.600 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ट्रक में विशेष रूप से बनाए गए लोहे के गुप्त केबिन और उसके चारों ओर लकड़ी के बुरादे की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही शराब की खेप बरामद करते हुए गुजरात निवासी दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय तथा सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में थाना चंदौली पुलिस और सर्विलांस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर नवीन मंडी समिति गेट के सामने वाराणसी-बिहार राष्ट्रीय राजमार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक संख्या JH16K6822 को रोककर जांच की गई।

शुरुआत में चालक और सहचालक ने ट्रक में लकड़ी का बुरादा लदा होने की जानकारी दी, लेकिन पुलिस को संदेह होने पर जब गहन तलाशी ली गई तो ट्रक के भीतर लोहे का विशेष गुप्त केबिन मिला। केबिन के चारों ओर लकड़ी का बुरादा भरा गया था, ताकि शराब की गंध और आवाज बाहर न जा सके। केबिन खोलने पर उसमें से विभिन्न ब्रांड की 663 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हितेश पुत्र रामबाई देसाई (42 वर्ष) निवासी जसोधानगर, थाना बटवा GIDC, अहमदाबाद (गुजरात) तथा उमेश पुत्र अर्जुन भाई परमार (26 वर्ष) निवासी विंजोल फाटक, थाना बटवा GIDC, अहमदाबाद (गुजरात) के रूप में हुई।

पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि वे पंजाब से शराब लेकर बिहार में ऊंचे दामों पर बिक्री के लिए जा रहे थे। पुलिस और अन्य एजेंसियों की नजर से बचने के लिए ट्रक में गुप्त केबिन तैयार कराया गया था। उन्होंने बताया कि प्रत्येक खेप पहुंचाने पर उन्हें 50 हजार रुपये तथा बिक्री पर दो प्रतिशत कमीशन मिलता था। पुलिस अब इस अवैध शराब तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

इस मामले में थाना चंदौली कोतवाली में मु0अ0सं0 344/2026 के तहत धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक तरुण कुमार कश्यप, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह सहित थाना चंदौली और सर्विलांस टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।