केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले कल मुजफ्फरपुर में करेंगे जनसभा, धम्म महासभा को करेंगे संबोधित, बौद्ध समाज से संवाद कर सुनेंगे समस्याएं, सामाजिक न्याय के मुद्दों पर रखेंगे विचार

98

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले कल मुजफ्फरपुर में करेंगे जनसभा, धम्म महासभा को करेंगे संबोधित, बौद्ध समाज से संवाद कर सुनेंगे समस्याएं, सामाजिक न्याय के मुद्दों पर रखेंगे विचार

चंदौली : केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले रविवार, 28 जून को एक दिवसीय दौरे पर चंदौली जनपद पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वह चकिया विकासखंड के ग्राम मुजफ्फरपुर में आयोजित धम्म महासभा एवं विशाल जनसभा में शामिल होकर लोगों को संबोधित करेंगे। यह जानकारी समाजसेवी अर्चना देवी ने दी है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री दिल्ली से वाराणसी पहुंचने के बाद दोपहर लगभग 1:30 बजे ग्राम मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे। यहां वह धम्म महासभा में भाग लेते हुए सामाजिक न्याय, बौद्ध समाज के उत्थान, शिक्षा, सामाजिक समरसता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। इसके साथ ही वह स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को भी सुनेंगे।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बुद्ध विहार संस्था की सचिव अर्चना ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केंद्रीय मंत्री के स्वागत के लिए गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में तोरण द्वार सजाए गए हैं तथा विभिन्न स्थानों पर झंडे और स्वागत बैनर लगाए गए हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

देश के प्रमुख दलित एवं बौद्ध नेताओं में होती है रामदास अठावले की पहचान

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले देश के प्रमुख दलित एवं बौद्ध नेताओं में गिने जाते हैं। वह रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और लंबे समय से अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े एवं वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज बुलंद करते रहे हैं। संसद में भी वह सामाजिक न्याय, समान अवसर और सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री के आगमन को लेकर मुजफ्फरपुर एवं आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों को उम्मीद है कि धम्म महासभा और जनसभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।