उड़ीसा से लाई जा रही 501 किलो गांजे की खेप चंदौली में पकड़ी गई, दो तस्कर गिरफ्तार

107

उड़ीसा से लाई जा रही 501 किलो गांजे की खेप चंदौली में पकड़ी गई, दो तस्कर गिरफ्तार

चंदौली : जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुगलसराय क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से तस्करी कर लाए जा रहे 501.380 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1.25 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। इस दौरान बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मुगलसराय पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की टीम को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजे की खेप ट्रक के माध्यम से वाराणसी और पूर्वांचल क्षेत्र में खपाने के लिए लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कटरिया अंडरपास स्थित पराग डेयरी के पास घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने टाटा अल्ट्रा ट्रक संख्या BR24GD8352 को रोककर तलाशी ली। ट्रक चालक ने वाहन में लोहे के एंगल और मसाले लदे होने की जानकारी दी, लेकिन जब पुलिस ने गहन जांच की तो सामान के बीच छिपाकर रखी गई 20 बोरियों में भरा 501.380 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ का इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन कराया गया, जिसके बाद इसकी पुष्टि हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र सिंह यादव और राजकुमार यादव, निवासी नूरगंज, थाना सासाराम, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मुगलसराय में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के बौध जनपद से गांजा खरीदकर ट्रक में लदे वैध सामान के बीच छिपाकर बिहार और पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में पहुंचाते थे। इसके बाद वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले भी कई बार इस तरह की खेप पहुंचा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार तस्करी नेटवर्क में शामिल लोग एक-दूसरे की वास्तविक पहचान और पता साझा नहीं करते हैं, जिससे कानून की पकड़ से बचा जा सके। गिरफ्तार तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना मुगलसराय के थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह और एसटीएफ वाराणसी फील्ड यूनिट के निरीक्षक पुनीत परिहार सहित उनकी टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।