लखनऊ अग्निकांड के मृतकों को शिक्षकों ने दी श्रद्धांजलि, कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

130

लखनऊ अग्निकांड के मृतकों को शिक्षकों ने दी श्रद्धांजलि, कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

चंदौली : राजधानी लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड में मृत छात्र-छात्राओं एवं अन्य लोगों की आत्मा की शांति के लिए बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र चकिया पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। परिषदीय शिक्षकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ चकिया इकाई के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि कोचिंग संस्थानों की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने सरकार से कोचिंग संस्थानों पर सख्त निगरानी और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।

शिक्षकों ने कहा कि अधिकांश कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास द्वार, शॉर्ट सर्किट से बचाव की व्यवस्था तथा पर्याप्त वेंटिलेशन जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा मानकों की अनदेखी जारी रही तो भविष्य में भी ऐसी घटनाएं दोहराई जा सकती हैं।

सभा के दौरान जिले में संचालित अपंजीकृत कोचिंग संस्थानों की जांच कर उन्हें बंद कराने तथा पंजीकृत संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण कराने की मांग भी उठाई गई।

श्रद्धांजलि सभा में अध्यक्ष अजय गुप्ता, बाबूलाल, अनिल यादव, अशोक प्रजापति, एआरपी संदीप कुमार, प्रदीप जैसल, चंद्रप्रकाश गांधी, चंद्रकिरण, मोनिका शर्मा, सची तिवारी, मंजू पटेल, राजदेव, अनिल पटेल, वीरेंद्र दत्त सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।