चंदौली पुलिस ने पकड़ी 2.31 करोड़ की अवैध शराब की खेप, एक तस्कर गिरफ्तार

89

चंदौली पुलिस ने पकड़ी 2.31 करोड़ की अवैध शराब की खेप, एक तस्कर गिरफ्तार

चंदौली : जनपद पुलिस को अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मुगलसराय पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में करीब 2 करोड़ 31 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा गया है। पुलिस ने मौके से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार करते हुए 925 पेटी में भरी 8222.8 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसे पंजाब से बिहार ले जाया जा रहा था।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर तथा क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार के पर्यवेक्षण में थाना मुगलसराय, स्वाट और सर्विलांस टीम द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। पुलिस को मिले मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी।

इसी दौरान वाराणसी की ओर से आ रहे ट्रक संख्या JK02BP1812 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगाकर निकलने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक में लदी आलू की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई 925 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

जांच में पाया गया कि सभी शराब की पेटियों पर “For Sale in Punjab Only” अंकित था, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह शराब केवल पंजाब राज्य में बिक्री के लिए अधिकृत थी।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. जबीर पुत्र स्व. नाजीर हुसैन निवासी अस्तादमल्लाह, पोस्ट बेरुस, थाना बस स्टैंड सिटी, बक्सीनगर, जम्मू के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 50 वर्ष बताई गई है।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि शराब की यह खेप बिहार पहुंचानी थी। पुलिस की नजर से बचने के लिए शराब को आलू की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया था। बिहार पहुंचने पर उसे वाहन स्वामी द्वारा बताए गए स्थान पर शराब उतारनी थी, जिसके बदले उसे किराया और अतिरिक्त धनराशि मिलने वाली थी।

पुलिस ने बरामद ट्रक और शराब को कब्जे में लेते हुए अभियुक्त के खिलाफ थाना मुगलसराय में मु0अ0सं0 310/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा तथा हेड कांस्टेबल अरविंद भारद्वाज सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने इसे चंदौली पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।