लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद चंदौली प्रशासन अलर्ट, हॉस्पिटल और कोचिंग सेंटरों की होगी सघन जांच
चंदौली : लखनऊ स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुई आगजनी की घटना के बाद चंदौली जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने जनपद में संचालित सभी निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, कोचिंग सेंटरों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए अधिकारियों की टीम गठित कर सघन निरीक्षण का निर्देश दिया है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में संचालित संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा, आपातकालीन निकास द्वार, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर संबंधित संस्थान संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों को किया निर्देशित
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पतालों और कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता तथा भवनों में आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की विस्तार से जांच की जाए। साथ ही ऐसे संस्थानों को चिन्हित किया जाए जो बिना आवश्यक अनुमति या मानकों के विपरीत संचालित हो रहे हैं।
जांच टीम को अपनी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच टीम अपनी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का किया स्वागत
प्रशासन की इस पहल से जनपद में संचालित अस्पतालों और कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीरता बढ़ने की उम्मीद है। वहीं आम नागरिकों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए नियमित निरीक्षण की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


















