खेलते-खेलते नहर में समाए मासूम भाई-बहन, दर्दनाक मौत से गांव में मातम, जांच में जुटी पुलिस

105

खेलते-खेलते नहर में समाए मासूम भाई-बहन, दर्दनाक मौत से गांव में मातम, जांच में जुटी पुलिस

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के बेलवानी गांव में सोमवार की शाम एक हृदयविदारक हादसे में सगे भाई-बहन की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार बेलवानी गांव निवासी हीरालाल पाल पुणे में निजी नौकरी करते हैं और करीब पंद्रह दिन पहले ही घर आए थे। सोमवार की शाम उनका पांच वर्षीय पुत्र आर्यन पाल और चार वर्षीय पुत्री अनुप्रिया घर के पास नहर किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों मासूम खेलते-खेलते नहर में चले गए और गहरे पानी में डूब गए।

काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो उनकी मां राजकुमारी देवी उन्हें खाना खिलाने के लिए खोजने निकलीं। खोजबीन करते हुए जब वह घर से करीब सौ मीटर दूर नहर के पास पहुंचीं तो दोनों बच्चों के शव पानी में उतराते दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर वह चीख-पुकार करने लगीं।

शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को बाहर निकालकर तत्काल चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई। बताया जा रहा है कि रविवार को ही नहर में पानी छोड़ा गया था। एक साथ दो मासूम बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पिता हीरालाल, मां राजकुमारी देवी, दादा रामलाल समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में छह माह का एक और पुत्र लकी है।