पहाड़ी क्षेत्र के थानों का डीआईजी ने किया निरीक्षण, बोले- गौतस्करी किसी भी कीमत पर नहीं होगी बर्दाश्त

254

पहाड़ी क्षेत्र के थानों का डीआईजी ने किया निरीक्षण, बोले- गौतस्करी किसी भी कीमत पर नहीं होगी बर्दाश्त

चंदौली : वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) ने सोमवार को जनपद के पहाड़ी क्षेत्र स्थित थानों एवं पुलिस चौकियों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुदूर ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया और कानून-व्यवस्था को लेकर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने।

फाइलों, बैरक और शस्त्रागार की गहन जांच

निरीक्षण के क्रम में डीआईजी थाना चकिया पहुंचे, जहां उन्होंने थाना कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों एवं फाइलों के रखरखाव की गहन समीक्षा की। उन्होंने बैरक, शस्त्रागार तथा थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही मौजूद पुलिसकर्मियों एवं चौकीदारों से बातचीत कर उनके कार्यों और जिम्मेदारियों की जानकारी प्राप्त की तथा सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए।

फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की जांच में सफेदपोशों के नाम

मीडिया से बातचीत के दौरान डीआईजी ने कहा कि जनपद में गौतस्करी के विरुद्ध पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई है। इस अभियान के तहत कई अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी हिस्ट्रीशीट खोली गई है तथा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपितों के वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच कराई गई, जिसमें कुछ सफेदपोश लोगों के नाम भी सामने आए हैं और उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की गई है।

चोरी की कई घटनाओं का खुलासा, बाकी मामलों का जल्द होगा वर्कआउट

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “गौतस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।” डीआईजी ने चोरी की घटनाओं के संबंध में कहा कि पुलिस ने कई महत्वपूर्ण मामलों का सफल खुलासा किया है तथा शेष संवेदनशील मामलों के शीघ्र अनावरण के लिए टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।

व्हाट्सएप पर दें गोपनीय सूचना, होगी त्वरित पुलिस कार्रवाई

थाना परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी हो तो उसे व्हाट्सएप के माध्यम से अपने शब्दों में साझा करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा उस पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के कार्यों की डीआईजी ने की सराहना

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए अपराध नियंत्रण एवं पशु तस्करी पर और अधिक प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने के निर्देश दिए।

इस दौरान ये रहे मौजूद

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, क्षेत्राधिकारी नामेंद्र रावत, कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह, सैदपुर चौकी प्रभारी अनिल पाण्डेय, रामपुर चौकी प्रभारी मुन्ना सिंह, महिला प्रभारी खुशबू यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।