तालाब की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, बीडीओ ने मौके पर पहुंच सचिव को लगाई फटकार

99

तालाब की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, बीडीओ ने मौके पर पहुंच सचिव को लगाई फटकार

चंदौली : चहनियां विकास खंड के लोलपुर गांव स्थित सार्वजनिक तालाब की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आ गया। वर्षों से तालाब की साफ-सफाई एवं सुंदरीकरण कार्य अधूरा रहने से नाराज दर्जनों ग्रामीणों ने लामबंद होकर खंड विकास कार्यालय पहुंचकर खंड विकास अधिकारी जावेद अख्तर को लिखित शिकायत पत्र सौंपा और ग्राम प्रधान की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले चार वर्षों से तालाब के सुंदरीकरण के नाम पर कोई ठोस कार्य नहीं कराया गया। तालाब में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण वह लगभग सूख चुका है। इसके अलावा तालाब के किनारे लगे पेड़-पौधों को भी काट दिया गया, जिससे क्षेत्र का पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हुआ है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि अधूरे विकास कार्यों और लापरवाही के चलते तालाब अपनी उपयोगिता खोता जा रहा है। भीषण गर्मी के इस दौर में गांव के पशु-पक्षियों और मवेशियों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि तालाब में पानी पहुंचाने वाले प्राकृतिक जलस्रोतों को भी बंद करा दिया गया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।

ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को खंड विकास अधिकारी जावेद अख्तर स्वयं लोलपुर गांव पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तालाब की स्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित ग्राम सचिव को फटकार लगाते हुए तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

खंड विकास अधिकारी जावेद अख्तर ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त होने के बाद मौके पर निरीक्षण किया गया है। संबंधित सचिव को निर्देशित किया गया है कि तालाब की तत्काल साफ-सफाई कराकर उसमें पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि निर्देशों का समयबद्ध पालन नहीं किया गया तो संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तालाब का पूर्ण रूप से जीर्णोद्धार कराया जाए, जलस्रोतों को पुनः चालू किया जाए तथा भविष्य में नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गांव के लोगों और मवेशियों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।

इस दौरान मिथिलेश पांडेय, नारद तिवारी, संतोष कुमार, मुकेश पांडेय, पवन तिवारी, शिवभूषण मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।