फर्जी महिला बनकर सोशल मीडिया पर बिछाया जाल, साइबर ठग चढ़ा सैयदराजा पुलिस के हत्थे

122

फर्जी महिला बनकर सोशल मीडिया पर बिछाया जाल, साइबर ठग चढ़ा सैयदराजा पुलिस के हत्थे

चन्दौली। जनपद चन्दौली की सैयदराजा थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और तीन फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर युवकों को अपने जाल में फंसाता था और विभिन्न बहानों से उनसे ऑनलाइन धनराशि ऐंठता था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सैयदराजा पुलिस टीम ने ग्राम बगही कुम्भापुर निवासी अभय वर्मा पुत्र सुरेन्द्र मौर्या (उम्र लगभग 24 वर्ष) को उसके गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध थाना सैयदराजा में पहले से ही आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज था। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य धाराओं की भी बढ़ोतरी कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

तकनीकी जांच में सामने आए कई चौंकाने वाले तथ्य

पुलिस द्वारा आरोपी के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच में कई Gmail अकाउंट और अनेक Instagram प्रोफाइल संचालित होने की पुष्टि हुई। Meta Platforms से प्राप्त तकनीकी अभिलेखों में ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर, रजिस्ट्रेशन आईपी और लॉगिन आईपी के विश्लेषण के दौरान कई संदिग्ध सोशल मीडिया प्रोफाइलों के बीच तकनीकी संबंध स्थापित हुए।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विभिन्न डिजिटल पहचान का इस्तेमाल कर अपनी वास्तविक पहचान छिपाने का प्रयास करता था। मोबाइल से Android Services, Account Recovery और UPI/Tez से जुड़ी कई गतिविधियों के साक्ष्य भी मिले हैं।

बैंक खातों में मिले संदिग्ध लेन-देन

पुलिस जांच में अभय वर्मा के नाम से Indian Post Payments Bank और Fino Bank में खाते संचालित पाए गए। बैंक स्टेटमेंट की जांच में विभिन्न व्यक्तियों से छोटे-छोटे अमाउंट में संदिग्ध ऑनलाइन ट्रांजैक्शन मिले, जिससे साइबर ठगी के जरिए धन प्राप्त करने की पुष्टि के पर्याप्त डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर करता था ठगी

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने मोबाइल नंबर से सोशल मीडिया पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर युवकों से दोस्ती करता था। इसके बाद सहानुभूति, बीमारी, दवा, मोबाइल खराब होने या अन्य मजबूरी का हवाला देकर उनसे ऑनलाइन पैसे मंगवाता था। आरोपी अलग-अलग फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से कई लोगों से संपर्क कर छोटी-छोटी रकम प्राप्त करता था और उसी से अपने निजी खर्च पूरे करता था।

आरोपी ने यह भी बताया कि उसके पास मिले तीन आधार कार्ड भविष्य में लोगों का विश्वास जीतने और अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर सोशल मीडिया के माध्यम से धोखाधड़ी करने के उद्देश्य से रखे गए थे।

पुलिस ने लोगों से की अपील

सैयदराजा पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान प्रोफाइल पर भरोसा न करें तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धनराशि भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान की पूरी तरह पुष्टि कर लें।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, थाना सैयदराजा, उपनिरीक्षक मारकण्डेय सिंह, कांस्टेबल पंकज कुमार सहित अन्य शामिल रहे।